Thursday, January 24, 2013

राष्‍ट्रीय खेल संघ:पूरी जानकारी को कहा

24-जनवरी-2013 20:04 IST
राष्‍ट्रीय खेल संघों से मान्‍यता प्राप्त राज्‍य संघों के ब्‍यौरे के संबंध में 
केन्‍द्रीय युवा एवं खेल मंत्रालय ने राज्‍य सरकारों से राष्‍ट्रीय खेल संघों से मान्‍यता प्राप्‍त राज्‍य खेल संघों/इकाईयों की सूची उपलब्‍ध कराने का आग्रह किया है। राज्‍य सरकारों/केंद्र शासित प्रदेशों के खेल सचिवों को लिखे पत्र में मंत्रालय ने मान्‍यता प्राप्‍त राज्‍य खेल संघों/इकाईयों के पदाधि‍करियों के नाम, उनके पते, टेलिफोन नंबर और ई-मेल पते इत्‍यादि के बारे में पूरी जानकारी मुहैय्या कराने को कहा है। पत्र के जरिए राज्‍य सरकारों से राज्‍य/केंद्र शासित प्रदेश ओलंपिक संघों के बारे में भी इसी तरह का पूरा ब्‍यौरा देने का आग्रह किया गया है। 

पत्र में कहा गया है कि केंद्रीय युवा और खेल मंत्रालय उन मान्‍यता प्राप्‍त राष्‍ट्रीय खेल संघों से ही मिलकर काम करता है जो कामकाज में स्‍वायत्‍त और देश में संबंधित खेलों के विकास के लिए जिम्‍मेदार होता है। मंत्रालय “राष्‍ट्रीय खेल संघों को मदद” योजना के तहत भारत में राष्‍ट्रीय/अंतर्राष्‍ट्रीय टूर्नामेंट कराने, विदेशों में प्रशि‍क्षण/प्रतियोगिता में भागीदारी, विदेशी कोचों की सेवाएं लेना, खेल के संसाधन जुटाने इत्‍यादि के लिए वित्‍तीय मदद भी मुहैया कराता है। मंत्रालय ने 53 राष्‍ट्रीय खेल संघों को मान्‍यता दी हुई है। 

पत्र में कहा गया है कि राष्‍ट्रीय खेल संघ प्रदेशों में खेल को बढावा देने के उद्देश्‍य से प्रदेश में टूर्नामेंट के आयोजन और ऐसी अन्‍य गतिविधि‍यों में राज्‍य संघों/इकाईयों की मदद लेता है। केंद्रीय मंत्रालय ने राज्‍य सरकारों/केंद्र शासित प्रदेशों से ये ब्‍यौरे प्राथमिकता के आधार पर 5 फरवरी 2013 तक उपलब्‍ध कराने को कहा है। (PIB)
****
वि.कासोटिया/अनिल/अखलद-317

Saturday, October 6, 2012

हॉकी और क्रिकेट लीग की शुरूआत

05-अक्टूबर-2012 18:59 IST
दोनों लीग जनवरी-फरवरी, 2013 में खेली जाएंगी
एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज (एआईयू) देश भर के विश्‍वविद्यालयों में खेलों को बढ़ावा देने के लिए रोहिन्‍टन बारिया क्रिकेट ट्रॉफी, अंतर विश्‍वविद्यालय हॉकी टूर्नामेंट और अन्‍य कार्यक्रमों का आयोजन कर रहा है। विश्‍वविद्यालय के प्रतिभावान खिलाड़ी को प्रोत्‍साहित करने और विश्‍वविद्यालयों में खेलों को बढ़ावा देने के लिए राष्‍ट्रीय स्‍तर पर क्रिकेट और हॉकी टूर्नामेंट आयोजित करने का विचार बनाया गया। 

यूनिवर्सिटीज क्रिकेट लीग जोनल स्‍तर पर होने वाली प्रतिस्‍पर्धाओं के जरिए क्‍वालीफाइ करने वालों में से टी-20 की तर्ज पर आठ शीर्ष विश्‍वविद्यालयों के बीच खेली जाएगी। इसी तरह यूनिवर्सिटीज हॉकी लीग शीर्ष आठ टीमों के बीच खेली जाएगीं जिनका चयन जोनल प्रतिस्‍पर्धाओं के जरिए होगा। दोनों लीग जनवरी-फरवरी, 2013 में खेली जाएंगी। 

आयोजन समिति, एआईयू, एनडीटीवी के बीच इनके आयोजन के लिए कल शाम एक समझौता हुआ। 

मीणा/कविता/यशोदा- 4817