Sunday, July 31, 2022

जेरेमी ने राष्ट्रमंडल खेल 2022 में भारोत्तोलन में भारत का दूसरा स्वर्ण जीता

प्रविष्टि तिथि: 31 JUL 2022 5:36 PM by PIB Delhi

 मीराबाई चानू ने कल भारत का पहला स्वर्ण पदक जीता था 


नई दिल्ली: 31 जुलाई 2022: (पीआईबी//खेल स्क्रीन)::
खेलों के क्षेत्र में भारत का गौरव बढ़ाने वाली नई खबरें आ रही हैं। भारोत्तोलन में नई उपलब्धियां सामने आई हैं। जेरेमी लालरिननुंगा और मीराबाई चानू ने अपना अपना कमाल दिखाया है। सफलता की इस सच्ची और बिलकुल नई कहनियों के कुछ मुख्य बिंदु इस प्रकार हैं। 
मुख्य बिंदु:

राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने जेरेमी को उनके इस असाधारण प्रदर्शन के लिए बधाई दी

खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने जेरेमी को बधाई देते हुए कहा, भारत को उन पर गर्व है

मिजोरम से आने वाले 19 साल के जेरेमी लालरिननुंगा ने रविवार को राष्ट्रमंडल खेलों में भारोत्तोलन के 67 किलोग्राम वर्ग में भारत का दूसरा स्वर्ण पदक जीता। जेरेमी ने इन खेलों में कुल 300 किग्रा (स्नैच में 140 किग्रा + सी एंड जे में 160 किग्रा) भार उठाया, जो सीडब्ल्यूजी में एक रिकॉर्ड है। इस मुकाबले में भारत का ये पांचवां पदक और दूसरा स्वर्ण पदक है। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय खेल मंत्री श्री अनुराग ठाकुर और देश के कोने-कोने से भारतीयों ने जेरेमी को उनकी इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है।

इससे पहले, मीराबाई चानू ने महिलाओं की 49 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में कुल 201 किलोग्राम भार उठाकर राष्ट्रमंडल खेल 2022 में भारत का पहला स्वर्ण पदक जीता था। संकेत सरगर ने पुरुषों की 55 किग्रा भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीता। बिंद्यारानी देवी ने महिलाओं के 55 किग्रा भारोत्तोलन में रजत पदक और पुरुषों के 61 किग्रा भारोत्तोलन वर्ग में गुरुराजा पुजारी ने कांस्य पदक जीता।

राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने जेरेमी को उनकी इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ट्वीट किया:

"बधाई हो जेरेमी लालरिननुंगा, राष्ट्रमंडल खेलों में भारोत्तोलन में स्वर्ण पदक जीतने के लिए। इस आयोजन के दौरान चोट लगने के बावजूद आपके आत्मविश्वास ने आपको ये इतिहास रचने और लाखों लोगों को प्रेरित करने में सक्षम बनाया। आपकी पोडियम फिनिश ने भारतीयों को गर्व से भर दिया है। आपको ऐसे और गौरवशाली के पलों की शुभकामनाएं।”

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने जेरेमी लालरिननुंगा को अपने पहले ही राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने और साथ ही साथ राष्ट्रमंडल खेलों का एक अभूतपूर्व रिकॉर्ड कायम करने पर बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, 'हमारी युवा शक्ति इतिहास रच रही है।” उन्होंने कहा कि, इतनी छोटी उम्र में जेरेमी ने हमें अपार गौरव और सम्मान दिलाया है। प्रधानमंत्री ने उन्हें उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दीं।

इससे पहले प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने भारोत्तोलक मीराबाई चानू को बर्मिंघम में हो रहे राष्ट्रमंडल खेल 2022 में स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी। प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा: "असाधारण मीराबाई चानू ने एक बार फिर भारत को गौरवान्वित किया है! हर भारतीय खुश है कि उन्होंने स्वर्ण पदक जीता है और बर्मिंघम खेलों में एक नया राष्ट्रमंडल रिकॉर्ड बनाया है। उसकी सफलता कई भारतीयों, विशेष रूप से उभरते एथलीटों को प्रेरित करती है।"

खेल मंत्री श्री अनुराग सिंह ठाकुर ने बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में भारोत्तोलन 67 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक जीतने पर जेरेमी लालरिननुंगा को बधाई दी है। श्री ठाकुर ने ट्वीट किया, "सीडब्ल्यूजी 2022 में पुरुषों के 67 किग्रा भारोत्तोलन में जेरेमी का गोल्ड 'खेलो इंडिया' से टॉप्स कोर ग्रुप तक एक एथलीट की प्रगति का एक आदर्श उदाहरण है।" मंत्री महोदय ने कहा, जेरेमी ने राष्ट्रमंडल खेलों का रिकॉर्ड भी तोड़ा है। उन्होंने कहा कि भारत को उन पर गर्व है।

इससे पहले श्री ठाकुर ने मीराबाई चानू को बधाई दी और ट्वीट किया, “मीराबाई चानू द्वारा बहुप्रतीक्षित गोल्ड। महिलाओं के 49 किग्रा स्नैच, क्लीन एंड जर्क और टोटल लिफ्ट में एक नया गेम रिकॉर्ड बनाया। आपने सीडब्ल्यूजी 2022 में अपने अद्भुत प्रदर्शन के साथ भारत को एक बार फिर शीर्ष पर पहुंचाया है। (PIB)

Tuesday, July 19, 2022

खिलाडियों को आर्थिक प्रोत्साहन देने के लिए बनेगी नई खेल नीति-मीत हेयर

 Tuesday 19th July 2022 at 5:39 PM

नामी खिलाड़ियों को दी जाएंगी सरकारी नौकरीयां 

हर टूर्नामैंट विजेताओं को मिलेंगे नगद इनाम

भगवंत मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार हुई पूरी तरह सक्रिय 

खेल में पंजाब को फिर अग्रणी राज्य बनाने के लिए वचनबद्ध

विश्व कप में दो स्वर्ण पदक जीतने वाले निशानेबाज़ अर्जुन बबूटा को किया प्रोत्साहित


मोहाली
: 19 जुलाई 2022: (कार्तिका सिंह//खेल स्क्रीन)::

दो वकत की दालरोटी और सिर उठा कर जी सकने वाली सादी सी ज़िंदगी तो हर किसी की चाहत होती है। जब इतना सा भी उपलब्ध न हो सके तो कैसे आएगा मन में कुछ ऊंची उड़ान का उत्साह? पंजाब सरकार ने खिलाड़ियों  को आर्थिक तौर सुदृढ़ करने के मकसद से नई खेल नीति बनाने का एक बहुत बड़ा फैसला लिया है। अब नामी खिलाड़ियों को नौकरियां भी दी जाएंगी और टूर्नामेंट जीतने वालों को नगद इनाम भी दिए जाएंगे। यह  घोषणा खेल मंत्री गुरमीत सिंह हेयर ने की। 

खेल के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रौशन करने वाले खिलाडिय़ों को सरकारी नौकरी देने और हर खेल के बड़े टूर्नामैंट में पदक जीतने वाले खिलाडिय़ों को नकद इनाम के घेरे में लाने के लिए पंजाब सरकार मौजूदा खेल नीति में कई तबदीलियाँ करके नयी व्यापक खेल नीति बना रही है। यह बात पंजाब के खेल मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर ने कही।

खेल मंत्री मीत हेयर ने यह बात आज निशानेबाज़ी विश्व कप में दो स्वर्ण पदक जीत कर वतन लौटे अर्जुन बबूटा का स्वागत और सम्मान करने के मौके पर कही। श्री मीत हेयर, जलालाबाद से विधायक जगदीप सिंह गोल्डी कम्बोज़ और स्थानीय काऊंसलर सरबजीत सिंह मोहाली के फेज़ 11 स्थित अर्जुन बबूटा की रिहायश में पहुँचे थे।

श्री मीत हेयर ने अर्जुन बबूटा को शानमयी प्राप्ति के लिए मुबारकबाद देते हुये कहा कि उसने राज्य और देश का नाम रौशन किया है। इस प्राप्ति से नयी उम्र के खिलाड़ी उत्साहित होंगे। उन्होंने अर्जुन को भविष्य के मुकाबलों और 2024 में पैरिस में होने वाले ओलम्पिक खेलों के लिए शुभकामनाएँ दीं।

खेल मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार पंजाब में खेल को बढ़ावा देने के लिए विशेष यत्न कर रही है जिससे पंजाब फिर से खेल में देश का नंबर एक राज्य बन सके। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाडिय़ों को सरकारी नौकरी देनी यकीनी बनाई जायेगी। नकद इनाम देने के लिए इस समय पर सभी खेलों के लिए एक ही नीति है जबकि हर खेल में टूर्नामैंट का शड्यूल, स्तर और किस्म अलग-अलग है, इसलिए हर खेल के अहम टूर्नामैंटों को नकद इनाम के घेरे में लाया जायेगा।

अर्जुन बबूटा के साथ बातचीत करते हुये श्री मीत हेयर ने बताया कि मोहाली के फेज़ 6 स्थित रेंज को आधुनिक दर्जे का बनाया जा रहा है। उन्होंने अर्जुन बबूटा से विश्व कप के मुकाबले और उसके खेल संबंधी जानकारी भी ली और अर्जुन की राइफल और पदक भी देखे। अर्जुन ने अपने घर में बनाई शूटिंग रेंज भी दिखाई जो कोविड-19 के समय के दौरान अभ्यास के लिए विशेष तौर पर बनाई थी।

विधायक जगदीप सिंह गोल्डी कम्बोज़ ने कहा कि अर्जुन ने जलालाबाद का नाम पूरी दुनिया में रौशन किया है। जि़क्रयोग्य है कि बबूटा परिवार पैतृक तौर पर जलालाबाद शहर का रहने वाला है।

इस मौके पर अर्जुन के पिता नीरज बबूटा और माता दीप्ति बबूटा ने खेल मंत्री का घर आकर प्रोत्साहन देने के लिए धन्यवाद किया। दीप्ति बबूटा जो पंजाबी लेखिका है, ने अपनी पुस्तकों का सैट भी खेल मंत्री को भेंट किया। इस मौके पर जि़ला खेल अधिकारी गुरदीप कौर और नायब तहसीलदार अर्जुन ग्रेवाल भी मौजूद थे। तस्वीरों में पंजाब के खेल मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर और विधायक जगदीप सिंह गोल्डी कम्बोज़ मोहाली में निशानेबाज़ अर्जुन बबूटा का सम्मान करते हुए नज़र आ रहे हैं।