Friday, July 30, 2021

लवलीना बोरगोहेन का टोक्यो ओलंपिक में एक और कमाल

30-जुलाई-2021 17:55 IST

टोक्यो ओलंपिक में भारत के लिए एक और पदक पक्का किया

पूर्वोत्तर की खेल और फिटनेस संस्कृति भारत को समृद्ध लाभांश दे रही है- जी किशन रेड्डी

नई दिल्ली//गुवाहाटी: 30 जुलाई 2021: (पीआईबी//खेल स्क्रीन)::

पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जी.किशन रेड्डी ने कहा कि, पूर्वोत्तर राज्यों में खेल तथा फिटनेस गतिविधियों के प्रति उत्साह होना एक सर्वविदित तथ्य है। यह बात मेरे पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास (डीओएनईआर) मंत्री बनने से पहले ही इन खूबसूरत क्षेत्रों की मेरी यात्रा में स्पष्ट थी।

अब जब लवलीना बोरगोहेन ने एक पूर्व विश्व चैंपियन को हराने के बाद टोक्यो ओलंपिक में भारत के लिए दूसरा पदक पक्का कर दिया है, तो यह मेरे लिए अत्यधिक गर्व की बात है। मेरी तरह ही, यह न केवल असम के हर व्यक्ति के लिए बल्कि प्रत्येक भारतवासी के लिए आनंद का क्षण है। उन्होंने कहा कि असम के गोलाघाट जिले के बरो मुखिया गांव की एक युवती को टोक्यो ओलंपिक में पोडियम पर आते हुए देखना मुझे बहुत प्रसन्नता से भर देता है।

इससे पहले आज दिन में केंद्रीय मंत्री ने ट्वीट किया कि, “#टोक्यो2020 में महिला वेल्टर वेट वर्ग के सेमीफाइनल में प्रवेश करने पर @LovlinaBorgohai को बधाई। उन्होंने कहा कि, #ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने वाली असम की पहली महिला मुक्केबाज अब #टोक्यो2020 में भारत के लिए पदक हासिल करने वाली पहली मुक्केबाज बन गई हैं।

लवलीना की लगातार लड़ने की भावना और कभी न हारने वाला रवैया जगजाहिर है। हम में से कई लोगों ने लवलीना को लॉकडाउन के दौरान गैस सिलेंडर के साथ अभ्यास करते देखा होगा।


यह नारी शक्ति ही है जिसके बारे में प्रधानमंत्री लगातार चर्चा करते रहते हैं और चाहते हैं कि, हम इस उपलब्धि का उत्सव मनाएं। लवलीना का टोक्यो में सफर अगले सप्ताह सेमीफाइनल मुकाबले में जारी रहेगा। भारत लवलीना का उचित सम्मान करेगा और प्रत्येक व्यक्ति उसे अपने में से एक के रूप में मानेगा, क्योंकि उन्होंने लवलीना के प्रसिद्ध घूंसे देखे हैं। आज हम जश्न मनाएं क्योंकि, हमने अब तक जो दो पदक जीते हैं, वे दो अद्भुत लड़कियों की मेहनत का ही फल है, यह उपलब्धि उन दृढ़ महिलाओं के कारण हैं, जिन्होंने सभी बाधाओं का डटकर सामना किया। (PIB)

***

एमजी/एएम/एनके/एसएस

Wednesday, July 14, 2021

टोक्यो जाने वाले भारतीय दल के लिए आधिकारिक चीयर सॉन्ग लॉन्च

14-जुलाई-2021 19:29 IST

 चीयर सॉन्ग को लॉन्च किया खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने 


नई दिल्ली
: 14 जुलाई 2021: (खेल स्क्रीन//पीआईबी)::

युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री श्री अनुराग ठाकुर ने टोक्यो जाने वाले भारतीय दल के लिए वर्चुअल माध्यम से आधिकारिक चीयर सॉन्ग को लॉन्च किया है जो तेज़ी से लोकप्रिय हो रहा है। बहुत ही संगीतक  भी है और लयपूर्ण भी। इसे सुनते हुए व्यक्ति इस गीत में खो जाता है। शायद यह ए आर रहमान साहिब का जादू है। 


यह एक ऐतिहासिक अवसर था जब 
केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री श्री अनुराग ठाकुर ने बुधवार को एक वर्चुअल कार्यक्रम में टोक्यो जाने वाले भारतीय दल के लिए आधिकारिक चीयर सॉन्ग (उत्साह बढ़ाने वाला गीत) को लॉन्च किया। इस कार्यक्रम में युवा मामले और खेल राज्यमंत्री श्री निसिथ प्रमाणिक, भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष श्री नरिंदर बत्रा, भारतीय ओलंपिक संघके महासचिव श्री राजीव मेहता, भारतीय खेल प्राधिकरण के महानिदेशक श्री संदीप प्रधान और टारगेट ओलंपिक पोडियम योजना के सीईओ कमांडर राजगोपालन भी मौजूद रहे। ‘हिंदुस्तानी वे’ शीर्षक वाले गीत को युवा पॉप गायक अनन्या बिड़ला ने गाया है और इसे अनुभवी भारतीय संगीतकार एआर रहमान ने संगीतबद्ध किया है।

इस मौके को यादगारी बनाते हुए श्री अनुराग ठाकुर ने कठिन समय में एक साथ आने और पूरे जोश के साथ इस चीयर सांग को बनाने के लिए कलाकारों को बधाई दी। “मैं ए आर रहमान और अनन्या बिड़ला को इस पहल के लिए धन्यवाद देता हूं।उन्होंने पूरे जोश और लगन के साथ इस गाने को कंपोज किया है, कोविड-19 के संकट के समय भी इस गाने को बनाने में उन्होंने काफी मेहनत की है।यह गाना हमने टीम इंडिया का उत्साह बढ़ाने के लिए बनाया है। मैं उन सभी का दिल से शुक्रिया अदा करता हूं।" श्री ठाकुर ने कहा “मैं सभी से अनुरोध करता हूं कि इस गीत को अधिक से अधिक शेयर करें।"

Friday, June 18, 2021

खेल पुरस्कार 2021 के लिए आवेदन की तारीख बढ़ाई

 18-जून-2021 17:05 IST

खेल मंत्रालय ने कहा अब अंतिम तिथि 28 जून तक होगी 

नई दिल्ली: 18 जून 2021: (पीआईबी//खेल स्क्रीन)::

खेलों के क्षेत्र में बहुत से युवा बहुत ही अच्छा कार्य कर रहे हैं। यदि उन्हें उत्साह मिले तो वे और भी अच्छा काम करेंगे। इसी भावना को सामने रखते हुए खेलों के क्षेत्र में पुरस्कार का आवेदन करने की तारीख बढ़ा दी गई है। अब यह तारीख 28 जून होगी।  

इस संबंध में जारी विज्ञप्ति के मुताबिक युवा मामले और खेल मंत्रालय ने 2021 के लिए राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार, अर्जुन पुरस्कार, द्रोणाचार्य पुरस्कार, ध्यानचंद पुरस्कार, राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन  पुरस्कर (आरकेपीपी) और मौलाना अबुल कलाम आजाद ट्रॉफी(एमएकेए) जैसे खेल पुरस्कारों के लिए नामांकन/आवेदन 19 और 20 मई को आमंत्रित किए थे। अधिसूचनाएं मंत्रालय की वेबसाइट www.yas.nic.in.पर अपलोड की गई थीं।

नामांकन प्राप्त करने की अंतिम तिथि 21 जून, 2021 से बढ़ाकर 28 जून, 2021 (सोमवार) कर दी गई है। पुरस्कार के लिए पात्र खिलाड़ियों/ कोचों/ संस्थाओं/ विश्वविद्यालयों से नामांकन/आवेदन आमंत्रित किएजाते हैं और उन्हें surendra.yadav@nic.in या girnish.kumar@nic.in पर ई-मेल किया जाना है। भारतीय ओलंपिक संघों/भारतीय खेल प्राधिकरण/मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय खेल संघों/खेल संवर्धन बोर्डों/राज्य और केंद्र सरकारों आदि को भी तदनुसार सूचित किया जाता है । 28 जून, 2021 के बाद प्राप्त नामांकन पर विचार नहीं किया जाएगा।


***

Monday, May 24, 2021

अंकिता रैना को कोर ग्रुप में जोड़ा गया

24-मई-2021 18:19 IST

टारगेट ओलंपिक पोडियम योजना- टॉप्स कोर ग्रुप में चार अन्य एथलीटों के साथ जोड़ा

तीन खेलों में करीब एक करोड़ रुपये के वित्तीय प्रस्तावों को मंजूरी

नई दिल्ली: 24 मई 2021: (पीआईबी//खेल स्क्रीन)::

खेलों के क्षेत्र मज़बूत करने की कोशिशें तेज़ी  से चल रही हैं। इस मकसद के लिए वित्तीय मज़बूती भी की जा रही है और संगठनात्मक मज़बूती  ध्यान दिया जा रहा है। मूलभूत ढांचे का कायाकल्प करने जैसे प्रयास हो रहे हैं। इस संबंध में केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्रालय निरंतर सक्रिय हैं। 

जानीमानी टेनिस खिलाड़ी अंकिता रैना को आज हुई बैठक के दौरान टारगेट ओलंपिक पोडियम योजना के साथ जोड़ा गया है। अंकिता रैना का जन्म और पालन-पोषण गुजरात में हुआ है। उन्होंने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के फिलिप द्वीप में अपना पहला डब्ल्यूटीए 250 खिताब हासिल किया है और इस जीत के बाद से अंकिता महिला सिंगल्स में दुनिया की शीर्ष 100 टेनिस खिलाड़ियों में शामिल हो गई हैं। वह बिली जीन किंग कप में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए सानिया मिर्जा के साथ भी साझेदारी कर रही हैं।

रैना के अलावा, हाल ही में टोक्यो ओलंपिक कोटा हासिल करने वाले चार अन्य एथलीटों को भी टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम कोर ग्रुप में जोड़ा गया है। इनमें रोवर्स अर्जुन लाल जाट और अरविंद सिंह को शामिल किया गया और इनके अलावा पहलवान सीमा बिस्ला और सुमित मलिक को भी टॉप्स डेवलपमेंट ग्रुप में पदोन्नत किया गया है।

आज की मिशन ओलिंपिक सेल की बैठक में करीब एक करोड़ रुपये की वित्तीय मंजूरी भी दी गई। ये थे:

कुश्ती: एशियाई चैंपियन विनेश फोगाट इस साल जुलाई में होने वाले ओलंपिक खेलों तक विदेशों में ट्रेनिंग करती रहेंगी। भारतीय खेल प्राधिकरण- साई में आज मिशन ओलिंपिक सेल ने विनेश के बुल्गारिया में हाई एल्टीट्यूड वाली प्रशिक्षण अवधि को पूरा करने के बाद हंगरी और पोलैंड में प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए भारतीय कुश्ती संघ के माध्यम से टारगेट ओलंपिक पोडियम योजना में उनके प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

विनेश फोगाट ने सितंबर 2019 में विश्व चैंपियनशिप में भारत के लिए 53 किलोग्राम भार वर्ग का ओलंपिक कोटा हासिल किया था, वह 9 जून तक बुडापेस्ट में प्रशिक्षण लेंगी। विनेश 9 से 13 जून तक पोलैंड ओपन के लिए यात्रा करेंगी और वापसी के बाद 2 जुलाई तक बुडापेस्ट में रहेंगी। इस दौरान उनके कोच वोलर अकोस, स्पारिंग पार्टनर प्रियंका और फिजियोथेरेपिस्ट पूर्णिमा रमन न्गोमदिर पूरे समय उनके साथ रहेंगे।

उनके प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धा के प्रस्ताव की अनुमानित धनराशि 20.21 लाख रुपये है। उन्हें अब तक टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम से 1.13 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद मिल चुकी है।

टेनिस: टेनिस डबल्स खिलाड़ी दिविज शरण और रोहन बोपन्ना ने भी मिशन ओलंपिक सेल से जनवरी और जून 2021 के बीच क्रमशः 14 और 11 टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए मंजूरी प्राप्त की है।

दिविज शरण के प्रस्ताव की लागत लगभग 30 लाख रुपये है और उन्हें वर्तमान ओलंपिक चक्र में टारगेट ओलंपिक पोडियम योजना से 80.59 लाख रुपये की धनराशि प्राप्त हुई है। कोच स्कॉट डेविडॉफ और फिजियो गौरांग शुक्ला की फीस समेत रोहन बोपन्ना के प्रस्ताव पर 27.61 लाख रुपये का खर्च है। उन्हें मौजूदा ओलंपिक चक्र के दौरान टॉप्स से पहले ही 1.24 करोड़ रुपये मिल चुके हैं।

रोइंग: मिशन ओलिंपिक सेल ने रोवर अर्जुन लाल जाट और अरविंद सिंह को ओलिंपिक खेलों की तैयारी में एक जून से पांच सप्ताह के लिए पुर्तगाल के पोकिन्हो हाई परफॉर्मेंस सेंटर में प्रशिक्षण के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी है। डबल्स स्कलर ने इस महीने की शुरुआत में टोक्यो में ओलंपिक क्वालीफिकेशन हासिल किया था। पोलैंड में उनके कैंप पर करीब 21 लाख रुपये का खर्च आएगा।

******

एमजी/एएम/एनके/डीए

Monday, March 29, 2021

बास्कटबाल चैंपियनशिप कल 30 मार्च से जालंधर में

Monday: 29th March 2021 at 7:28 PM

लुधियाना की टीमों को गर्मजोशी के साथ रवाना किया गया 


लुधियाना
: 29 मार्च 2021: (कार्तिका सिंह//खेल स्क्रीन)::

पुरुषों और महिलाओं की 71वीं सीनियर बास्कटबाल चैंपियनशिप प्रतियोगिता कल 30 मार्च से जालंधर में शुरू हो रही है। पीएपी ग्राउंड के बास्कटबाल स्टेडियम में आयोजित होने वाली यह प्रतियोगिता 2 अप्रैल तक चलेगी। इस चैंपियनशिप प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए लुधियाना की टीमों को बहुत ही गर्मजोशी और उत्साह के साथ जालंधर के लिए विदा किया गया तांकि वे वहां से जीत कर लौटें। 

इस चैंपियनशिप के लिए कोविड प्रोटोकॉल का पूरा पालन किया जा रहा है। इन नियमों का पालन जहां खिलाड़ियों को करना होगा वहीँ इसे देखने आने वाले दर्शकों को  भी करना होगा। पुरुषों और महिलाओं दोनों के वर्गों में ही 11-11 टीमें होंगीं। इस तरह कुल 22 टीमें इस चैंपियनशिप के लिए संघर्ष करेंगी। इनमें लुधियाना बास्कटबाल अकेडमी की टीमें भी शामिल हैं। यह जानकारी आज पंजाब बास्कटबाल  एसोसिएशन के महासचिव तेजा सिंह धालीवाल ने दी। 

श्री धालीवाल ने आगे बताया कि सभी टीमों को चार ग्रुपों में बांटा गया है। हर ग्रुप का विजयी खिलाडी लीग के आखिरी मैचों में भाग ले सकेगा तांकि पहली चार पोज़िशनों का फैसला करने में आसानी हो। इन्हीं खिलाडियों में से विजयी रहने वाले खिलाडी दिलचस्पी भरे मैच खेल कर इस को बहुत ही सनसनी भरा और दिलचस्प बनाएंगे। खेल का पल पल रोमांचक होता चला जायेगा। 

गौरतलब है कि इस समय चैंपियनशिप का टाईटल पुरुषों के वर्ग में लुधियाना बास्कटबाल एकेडमी के पास है और महिला वर्ग में यह खिताब अमृतसर की जिला टीम के पास है। 

आज जालंधर के लिए रवाना होने से पहले लुधियाना बास्कटबाल टीमों के खिलाडी लुधियाना के जानेमाने गुरुनानक स्टेडियम में एकत्र हुए। इस मौके पर पंजाब बास्कटबाल एकेडमी के उपाध्यक्ष-जे पी सिंह, पीबीए के ही कोषाधिकारी-विजय चोपड़ा, सीनियर कोच-राजिंदर सिंह, दविंदर ढींडसा, सलोनी शर्मा और नरिंदर कुमार भी मौजूद थे। डीबीए की तरफ से ब्रिज गोयल ने आशा व्यक्त की कि लुधियाना की टीमें इस बार भी विजयी हो कर लौटेंगी और नाम रौशन करेंगी। 



Monday, March 8, 2021

महिला क्रिकेट 2026 में इस बार होंगीं अधिक टीमें

 टी20 विश्व कप में 10 की बजाय 12 टीमें भाग लेंगी 

प्रतीकात्मक फोटो फीमेल क्रिकेट से साभार 

इंटरनेट//सोशल मीडिया: 8 मार्च 2021: (खेल स्क्रीन डेस्क)::

मनु साहनी-ICC Photo 
अंतराष्ट्रीय महिला दिवस के शुभ अवसर पर खेलों के क्षेत्र में भी दुबई से अच्छी खबर आ रही है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की महिलाओं की प्रतियोगिताओं में जो कि 2026 में होनी है इसमें इस बार अधिक टीमें भाग लेंगी। क्रिकेट की संचालन संस्था ने सोमवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला क्रिकेट में विस्तार की अपनी योजना की घोषणा की है। इस घोषणा के बाद महिला क्रिकेट खिलाड़िनों में उत्साह है। महिला क्रिकेट को चाहने वाले भी खुश नज़र आ रहे हैं। 

यह खुशखबरी देते हुए आईसीसी ने कहा कि 2026 से महिला टी20 विश्व कप में 10 की बजाय 12 टीमें भाग लेंगी। महिला वनडे विश्व कप में 2029 से आठ के बजाय 10 टीमें हिस्सा लेंगी। इसके साथ ही स्पष्ट किया गया कि टी20 विश्व कप में 2024 तक 10 टीमें ही खेलेंगी जबकि अगले दो वनडे विश्व कप में आठ टीमों को शामिल किया जाएगा।

आईसीसी के मुख्य कार्यकारी मनु साहनी ने बयान में कहा, ‘‘हम पिछले चार वर्षों से वैश्विक प्रसारण कवरेज और विपणन से लेकर प्रशंसकों को जोड़ने पर ध्यान देकर महिला क्रिकेट को बढ़ावा दे रहे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इसके परिणाम भी दिखने लग गये हैं और आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2020 को रिकार्ड एक अरब एक करोड़ वीडियो ‘व्यूज’ मिले।’’

गौरतलब है कि महिला क्रिकेट में यह सबसे अधिक देखी जाने वाली प्रतियोगिता थी। मेलबर्न में खेले गये फाइनल में रिकार्ड 86,174 दर्शक स्टेडियम में पहुंचे थे। उल्लेखनीय है कि महिला टी20 चैंपियन्स कप 2027 से शुरू होगा जिसमें छह टीमें भाग लेंगी।

Friday, January 15, 2021

मामला भारतीय एथलेटिक्स टीम के कोच की नियुक्त का

 शुक्रवार 15-जनवरी-2021 को 17:18 IST बजे 

 निकोलई को कोच नियुक्त करने की मंजूरी 

Courtesy Photo
नई दिल्ली: 15 जनवरी 2021: (खेल स्क्रीन ब्यूरो)::

सरकार ने भारतीय एथलेटिक्स टीम के मध्य और लंबी दूरी के कोच के रूप में बेलारूस के कोच निकोलई स्नेसारेव की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। 72 वर्षीय निकोलई स्नेसारेव को सितंबर के अंत तक नियुक्त किया गया है, जिसमें जुलाई-अगस्त में होने वाले टोक्यो ओलंपिक का समय भी शामिल है।

वह 3000 मीटर स्टीपलचेजर एथलीट अविनाश साबले को कोचिंग देंगे, जो पहले ही ओलंपिक के लिये क्वालीफाई कर चुके है साथ ही वह अन्य मध्य और लंबी दूरी के धावकों को कोचिंग देंगे जो ओलंपिक खेलों के लिए क्वालीफाई करने की कोशिश में जुटे है।

भारतीय एथलेटिक्स महासंघ के अध्यक्ष आदिले सुमरिवाला ने निकोलई स्नेसारेव की नियुक्ति की सराहना की और उम्मीद जतायी कि इससे भारतीय मध्य और लंबी दूरी के धावकों के प्रदर्शन में और सुधार होगा। उन्होंने कहा की "अविनाश साबले निकोलाई के साथ फिर से ट्रेनिंग करना चाहते है और हमें उम्मीद है कि इससे उन्हें और अधिक सुधार करने में मदद मिलेगी"।

श्री सुमरिवाला ने कहा “निकोलई का भारत और हमारे मध्य और लंबी दूरी के धावकों के साथ वर्षों का अनुभव रहा है। उन्होंने ललिता बाबर जैसे एथलीटों की मदद की है जो 2016 ओलंपिक खेलों में स्टीपलचेज़ प्रतियोगिता में शीर्ष 10 में समाप्त करने में सफल हुई थी। सुधा सिंह और अविनाश साबले के साथ उनके परिणाम अच्छे रहे हैं जिन्होंने उनके साथ शुरुआत में ट्रेनिंग की थी”।

स्नेसारेव 2005 में पहली बार एथलेटिक्स टीम के साथ जुड़ने के बाद से वह भारतीय टीम के साथ जुड़े रहे हैं और उन्होंने कई भारतीय एथलीटों जैसे पूजा श्रीधरन और कविता राउत को कोचिंग दी है।

*****.** 

एमजी/एएम/डीवी/एसएस