Showing posts with label Khel Screen. Show all posts
Showing posts with label Khel Screen. Show all posts

Wednesday, November 26, 2025

विश्व कप विजेता दृष्टिबाधित महिला टीम पूरे देश के लिए प्रेरणा : डॉ. मनसुख मांडविया

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय//Azadi Ka Amrit Mahotsav//प्रविष्टि तिथि: 25 NOV at 2025 9:20 PM by PIB Delhi

खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने विश्व कप विजेता भारतीय टीम को सम्मानित किया

दृष्टिबाधित है महिला ट्वेंटी-ट्वेंटी विश्व कप विजेता भारतीय टीम

नई दिल्ली: 25 नवंबर 2025:(पीआईबी दिल्ली//खेल स्क्रीन डेस्क)::

केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने मंगलवार को अपने आवास पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम को हाल ही में हुए दृष्टिबाधित ट्वेंटी- ट्वेंटी विश्व कप में जीत के लिए सम्मानित किया।


भारतीय महिला टीम ने रविवार को श्रीलंका के कोलंबो में खेले गए फाइनल में नेपाल को सात विकेट से हरा दिया। इस टूर्नामेंट में भारत, नेपाल, पाकिस्तान, श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया और अमरीका सहित छह टीमें शामिल थीं।


भारतीय महिला टीम के पहली बार आईसीसी क्रिकेट विश्व कप जीतने के कुछ ही समय बाद ही दृष्टिबाधित क्रिकेट टीम ने जीत हासिल की है।


डॉ. मांडविया ने दृष्टिबाधित क्रिकेट टीम की जीत की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय महिला दृष्टिबाधित क्रिकेट टीम ने देश को गौरवान्वित किया है। उनकी जीत दिव्यांग खिलाड़ियों और उन सभी लोगों के लिए प्रेरणा है, जो देश का नाम रोशन करना चाहते हैं। अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और दृढ़ता से, उन्होंने महत्‍वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। ​​मैं टीम को उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं देता हूँ। मैं आप सभी से भविष्‍य के टूर्नामेंट में अपना सर्वश्रेष्‍ठ प्रदर्शन करने का आग्रह करता हूं, पूरा देश और सरकार आपके साथ है।


भारतीय टीम की कप्तान दीपिका टीसी ने कहा कि मुझे इस बात की बेहद खुशी और गर्व है कि हमारे माननीय खेल मंत्री ने हमें सम्मानित करने के लिए अपने आवास पर आमंत्रित किया। उनके साथ बातचीत करके बहुत अच्छा लगा। उनके शब्द न केवल हमें, बल्कि दृष्टिबाधित समुदाय की अन्‍य महिलाओं को खेलों को अपना करियर बनाने और अपनी कड़ी मेहनत तथा दृढ़ संकल्प से देश को गौरवान्वित करने के लिए प्रोत्साहित करेंगे।

****//पीके/केसी/जेके/जीआरएस//(रिलीज़ आईडी: 2194543)

Sunday, October 5, 2025

फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल:

 युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय//Azadi Ka Amrit Mahotsav//प्रविष्टि तिथि: 05 October  2025 at 4:28 PM by PIB Delhi

डॉ. मनसुख मांडविया ने विश्व शिक्षक दिवस पर दिल्ली में शिक्षकों का नेतृत्‍व किया

*फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल पहल के43वें संस्करण में पूरे भारत में 10,000 से अधिक स्थानों पर एक साथ कार्यक्रम आयोजित किए गए

*केंद्रीय खेल मंत्री ने प्रत्येक नागरिक से शारीरिक गतिविधि के लिए एक घंटा समर्पित करने का आग्रह किया ताकि भारत विकसित भारत के सपने की ओर अधिक मजबूत और स्वस्थ होकर आगे बढ़ सके

*साइकिलिंग हमें सिखाती है कि हम तभी आगे बढ़ते हैं जब हम संतुलन बनाए रखते हैं; यह संतुलन जीवन का आधार है और यह फिटनेस से आता है- डॉ. मनसुख मांडविया

नई दिल्ली: 6 अक्टूबर 2025: पीआईबी//खेल स्क्रीन)::

केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने आज सुबह राष्ट्रीय राजधानी के मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम में विश्व शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल के 43वें संस्करण का नेतृत्व किया। यह कार्यक्रम देश भर में 10,500 से अधिक स्थानों पर एक साथ आयोजित किया गया।

इस कार्यक्रम में एथलीटों, फिटनेस इंफ्लुएनसर और युवाओं के साथ-साथ पूरी दिल्ली से शिक्षकों सहित 1,000 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। इन एथलीटों में भारतीय हॉकी टीम के एक प्रमुख सदस्य, ओलंपिक पदक विजेता अभिषेक नैन, शतरंज की दिग्गज खिलाड़ी तानिया सचदेव के साथ-साथ उभरते हुए भाला फेंक स्टार सचिन यादव और भारत के पुश-अप मैन कहे जाने वाले रोहताश चौधरी शामिल थे। इसमें शिक्षकों को समर्पित एक जीवंत नुक्कड़ नाटक, योग सत्र, रस्‍सी कूदना, फिटनेस गेम्स और बच्चों के लिए भागीदारी क्षेत्र भी शामिल थे।

लोगों को संबोधित करते हुए, डॉ. मांडविया ने इस पहल को एक सच्चा राष्ट्रव्यापी आंदोलन बताया। उन्होंने कहा, ‘‘इस आंदोलन के माध्यम से 10,500 से ज्‍यादा स्थानों पर लाखों नागरिक हर रविवार को खुद को फिट रखने के लिए साइकिल चला रहे हैं। यह हमारे माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी के फिट इंडिया विजन का उत्सव बन गया है।’’

उन्होंने आगे कहा, ‘‘अगर हर नागरिक शारीरिक गतिविधि के लिए एक घंटा भी समर्पित करे तो भारत विकसित भारत के सपने की ओर और भी मजबूत, स्वस्थ और एकजुट होकर आगे बढ़ेगा। आज इस कार्यक्रम में कई शिक्षकों ने भाग लिया और छात्रों को जीवन में संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया। साइकिल के पैडल हमें जीवन का सबसे बड़ा सबक सिखाते हैं कि हम तभी आगे बढ़ते हैं जब हम संतुलन बनाए रखते हैं। यह संतुलन जीवन का आधार है और यह फिटनेस से आता है।’’

युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय (एमवाईएएस) द्वारा भारतीय साइक्लिंग महासंघ (सीएफआई), योगासन भारत और माई भारत के सहयोग से आयोजित इस साइकिलिंग अभियान ने अब भारत के सबसे प्रभावशाली फिटनेस अभियानों में से एक के रूप में अपनी पहचान बना ली है। इस कार्यक्रम में फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल के आधिकारिक गान का भी शुभारंभ हुआ। नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम राहगीरी फाउंडेशन और फिटस्पायर के सहयोग से आयोजित किया गया जबकि रस्‍सी कूदने का नेतृत्व डॉ. शिखा गुप्ता ने किया।

इस बीच, रोहताश चौधरी-गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड धारक और फिट इंडिया मूवमेंट के ब्रांड एंबेसडर एवं ‘‘पुशअप मैन ऑफ इंडिया’’ - ने इस कार्यक्रम के दौरान डॉ. मनसुख मांडविया को बताया कि वह पीठ पर 60 पाउंड का बैग लेकर एक घंटे में सबसे अधिक पुश-अप करने का एक और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का प्रयास कर रहे हैं। यह 2 नवंबर 2025 को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा।

भारतीय हॉकी टीम के साथ पेरिस 2024 ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाले और राजगीर में एशिया कप जीतने वाले अभिषेक नैन ने नई दिल्ली में इस पहल के बारे में भावुक होकर कहा: ‘‘एथलीटों के रूप में, फिटनेस हमारा आधार है। मैं यहां सिर्फ लोगों को साइकिल चलाते हुए नहीं देख रहा हूं बल्कि भारत में स्वास्थ्य की संस्कृति को अपनाते हुए भी देख रहा हूं। यह भी बहुत प्रेरणादायक है कि पिछले कुछ महीनों में इस आंदोलन का विस्तार हुआ है।’’

ग्रैंडमास्टर तानिया सचदेव, जो संडे ऑन साइकिल में दूसरी बार शामिल हुईं है उन्‍होंने इस आंदोलन को प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी के विजन से जोड़ते हुए एक भावुक टिप्पणी की। उन्होंने कहा, ‘‘मैं हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी के प्रयासों की सराहना करती हूं—वे खेलों के इतने बड़े समर्थक हैं और उन्होंने फिटनेस को एक जन आंदोलन में बदल दिया है।’’

यह पहल दिखाती है कि फिटनेस कैसे समुदायों को एक साथ ला सकती है। आज शिक्षकों, छात्रों और एथलीटों को एक साथ साइकिल चलाते देखना दिल को छू लेने वाला था।

43 संस्करणों के बाद, फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल पहल में देश भर में 1,00,000 से ज्‍यादा स्थानों से बड़े पैमाने पर भागीदारी हुई है। इसमें 12 लाख से अधिक लोग शामिल हुए। आज एसएआई एनसीओई गुवाहाटी, छत्तीसगढ़ में एसटीसी राजनानगांव, एसएआई एसटीसी कोकराझार, एसएआई एनएसआरसी लखनऊ, एसएआई एसटीसी जबलपुर आदि जैसे अनेक और स्थानों पर भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की राजधानियों से लेकर भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) के क्षेत्रीय केंद्रों, राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्रों (एनसीओई), एसएआई प्रशिक्षण केंद्रों (एसटीसी), खेलो इंडिया राजकीय उत्कृष्टता केंद्रों (केआईएससीई) और खेलो इंडिया केंद्रों (केआईसी) तक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। ***

पीके/केसी/पीपी/वीके//(रिलीज़ आईडी: 2175084)


Thursday, November 28, 2024

एथलीटों को वित्तीय सहायता

प्रविष्टि तिथि: 28 NOV 2024 at 5:08 PM by PIB Delhi

कोर ग्रुप के एथलीटों को प्रति माह 50,000 रुपये की दर से (ओपीए) का भुगतान

नई दिल्ली: 28 नवंबर 2024: (पीआईबी दिल्ली//खेल स्क्रीन डेस्क)::

संकेतक तस्वीर Pexel से रवि रौशन 
भारत सरकार विभिन्न योजनाओं/कार्यक्रमों के माध्यम से विभिन्न प्रत्यक्ष/अप्रत्यक्ष वित्तीय सहायता प्रदान करके एथलीटों को खेल को करियर के रूप में अपनाने के लिए प्रोत्साहित करती है:

1  खेलो इंडिया योजना के अंतर्गत  “खेलो इंडिया केंद्र और खेल अकादमियों” के लिए योजना में पहचानी गई प्रतिभाओं को मान्यता प्राप्त खेलो इंडिया अकादमियों में शामिल होने का विकल्प दिया जाता है। इसमें प्रशिक्षण व्यय, कोचिंग, प्रतियोगिताओं के प्रदर्शन, शिक्षा, उपकरण सहायता, वैज्ञानिक सहायता के लिए प्रति वर्ष 6लाख 28 हज़ार रूपये  [10,000/- रूपये प्रति माह आउट ऑफ़ पॉकेट अलाउंस (ओ पी ए)] सहित वित्तीय सहायता भी प्रदान की जाती है। साथ ही खेलो इंडिया योजना के खेलो इंडिया केंद्र के अंतर्गत पूर्व चैंपियन एथलीटों को खेलो इंडिया केंद्रों (केआईसी) में युवा एथलीटों के लिए कोच/संरक्षक के रूप में नियुक्त किया जाता है। जो इन एथलीटों को प्रशिक्षित करते हैं और साथ ही केआईसी को स्वायत्त तरीके से या राज्य/संघ राज्य क्षेत्र के खेल विभाग के समर्थन से चलाते हैं।

2  टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (टॉप्स) के अंतर्गत सरकार भारत के शीर्ष एथलीटों को ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की तैयारियों के लिए सहायता प्रदान करती है। चयनित एथलीटों को राष्ट्रीय खेल विकास कोष (एनएसडीएफ) से अनुकूलित प्रशिक्षण और अन्य सहायता के लिए वित्त पोषण किया जाता है जो मंत्रालय की सामान्य योजनाओं के तहत उपलब्ध नहीं है। कोर ग्रुप के एथलीटों को प्रति माह 50,000 रुपये की दर से आउट ऑफ पॉकेट भत्ता (ओपीए) का भुगतान किया जाता है। ओपीए के अलावा, खिलाड़ी द्वारा प्रस्तुत प्रशिक्षण योजना का पूरा खर्च, मिशन ओलंपिक सेल (एमओसी) द्वारा विचार और अनुमोदित किया जाता है और टॉप्स के अंतर्गत पूरा किया जाता है। टॉप्स डेवलपमेंट ग्रुप के एथलीट को 25,000/- रूपये का ओपीए मिल रहा है।

3 राष्ट्रीय खेल महासंघों (एएनएसएफ) को सहायता योजना के अंतर्गत राष्ट्रीय खेल महासंघों (एनएसएफ) को एथलीटों के प्रशिक्षण के लिए वित्तीय सहायता दी जाती है।  इसमें प्रशिक्षण, अंतर्राष्ट्रीय आयोजनों में भागीदारी, राष्ट्रीय चैंपियनशिप का आयोजन, भारत में अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंटों का आयोजन, विदेशी प्रशिक्षकों/सहायक कर्मचारियों की नियुक्ति, वैज्ञानिक और चिकित्सा सहायता के लिए सभी अपेक्षित सहायता शामिल है।

4  पंडित दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्रीय कल्याण कोष (पीडीयूएनडब्ल्यूएफएस) योजना के अंतर्गत सरकार खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, खेल उपकरणों की खरीद, राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खेल आयोजनों में भागीदारी के लिए गरीबी में रहने वाले खिलाड़ियों को प्रत्यक्ष वित्तीय सहायता (2.50 लाख रूपये तक) प्रदान करती है।

5 सरकार उत्कृष्ट खिलाड़ियों को एक सुनिश्चित मासिक आय प्रदान करने के उद्देश्य से मेधावी खिलाड़ियों को पेंशन की योजना के माध्यम से खेलों से उनकी सेवानिवृत्ति के बाद वित्तीय सहायता प्रदान करती है। वर्त्तमान योजना के तहत पात्र पूर्व खिलाड़ियों को ₹12,000/- से लेकर ₹20,000/- तक की मासिक पेंशन प्रदान की जाती है।

6  सरकार ने आर ई एस ई टी कार्यक्रम शुरू किया है, जिसका उद्देश्य सेवानिवृत्त खिलाड़ियों को एक अलग करियर के लिए आवश्यक ज्ञान और कौशल प्रदान करना है। यह कार्यक्रम लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान (एलएनआईपीई) के सहयोग से कार्यान्वित किया जा रहा है और स्व-गति ऑनलाइन शिक्षा, ऑन-ग्राउंड प्रशिक्षण और इंटर्नशिप का संयोजन प्रदान कर रहा है। इसके अतिरिक्त, प्रतिभागियों को सफलतापूर्वक पूरा होने पर प्लेसमेंट सहायता और उद्यमशीलता मार्गदर्शन प्राप्त होगा।

7 अंतर्राष्ट्रीय खेल आयोजनों में पदक विजेताओं और उनके कोचों को नकद पुरस्कार की योजना के अंतर्गत सरकार उत्कृष्ट खिलाड़ियों को उच्च उपलब्धियों के लिए प्रोत्साहित करने और प्रेरित करने और युवा पीढ़ी को खेलों को अपनाने के लिए प्रेरित करने के लिए नकद पुरस्कार प्रदान करती है। इस योजना के अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय आयोजनों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को 20,000/- से लेकर 75,00,000/- रूपये तक का नकद पुरस्कार दिया जाता है।

8 उपरोक्त योजनाओं के अलावा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले एथलीटों/खिलाड़ियों को सम्मानित करने के लिए, सरकार हर साल मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार, अर्जुन पुरस्कार और द्रोणाचार्य पुरस्कार जैसी विभिन्न श्रेणियों के अंतर्गत राष्ट्रीय खेल पुरस्कार भी प्रदान करती है।

यह जानकारी केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने आज राज्यसभा में एक लिखित उत्तर में दी।

 *****//एमजी/ केसी/एसके//(रिलीज़ आईडी: 2078668)

Friday, May 26, 2023

अब तक के सबसे बड़े खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स की मेजबानी ऐतिहासिक

प्रविष्टि तिथि: 26th May 2023 at 6:06 PM by PIB Delhi

श्री निसिथ प्रमाणिक ने की यूपी सरकार के प्रयासों की प्रशंसा 

खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में 21 खेल स्पर्धाओं का रिकॉर्मेंड 

200 से ज्यादा विश्वविद्यालयों के 4700 एथलीट हिस्सा ले रहे हैं

खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में पहली बार वाटर स्पोर्ट्स को भी शामिल किया गया है


नई दिल्ली: 26 मई 2023: (पीआईबी//खेल स्क्रीन)::

केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री श्री निसिथ प्रमाणिक ने अब तक के सबसे बड़े खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स (केआईयूजी) की मेजबानी के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के प्रयासों की प्रशंसा की है। बीबीडी यूनिवर्सिटी मैदान पर आयोजित शानदार उद्घाटन समारोह के एक दिन बाद लखनऊ में विभिन्न स्थानों के दौरे के समय श्री प्रमाणिक ने यह टिप्पणी की।

बीबीडी बैडमिंटन अकादमी में मीडिया को संबोधित करते हुए श्री प्रमाणिक ने कहा, 'सबसे पहले मैं उत्तर प्रदेश सरकार को तीसरे खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स की भव्य मेजबानी के लिए बधाई देना चाहता हूं। मुझे यकीन है कि कल आप सभी ने शानदार उद्घाटन समारोह देखा होगा। पहली बार 200 से ज्यादा, 206 विश्वविद्यालयों से 4700 एथलीट खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स की 21 स्पर्धाओं में भाग ले रहे हैं। यह अब तक की सबसे बड़ी भागीदारी है। पहली बार खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में जल क्रीड़ा (वाटर स्पोर्ट्स) को भी शामिल किया गया है, जो गोरखपुर में आयोजित होगा। इतना ही नहीं, पहली बार ये खेल एक राज्य के कई शहरों में आयोजित किए जा रहे हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि इन खेलों में 206 विश्वविद्यालयों के एथलीट अपना बेहतर खेल दिखाएंगे, कई मौजूदा रेकॉर्ड तोड़ेंगे और नए मील के पत्थर स्थापित करेंगे।' इस दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के अपर मुख्य सचिव (खेल विभाग) श्री नवनीत सहगल उपस्थित थे।

खेलो इंडिया कार्यक्रम के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, 'मेरा मानना है कि खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के जरिए इन एथलीटों को जो मंच मिल रहा है, वह माननीय प्रधानमंत्री के सपने और दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में बहुत आगे ले जाएगा। उनका मकसद भारत को एक स्पोर्टिंग हब, एक खेल राष्ट्र के रूप में विकसित करना है। मैं इस मौके पर उत्तर प्रदेश सरकार, लोकप्रिय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी और सभी राज्य सरकार के अधिकारियों को धन्यवाद देना चाहता हूं, जिन्होंने पूरे उत्साह के साथ खेल का आयोजन किया है। यह कितना शानदार रहने वाला है, वह उद्घाटन समारोह से ही स्पष्ट हो गया है।'

केंद्रीय मंत्री ने मंत्रालय की कई नई पहलों के बारे में भी बताया, जो पहले केआईयूजी में शामिल नहीं थी। उन्होंने कहा, 'इस बार गेम्स में कई चीजें पहली बार हो रही हैं। एक समर्पित वेबसाइट के साथ-साथ एप भी लॉन्च किया गया है। इससे एथलीटों को कागजी कामकाज से छुटकारा मिल जाएगा और चेहरा पहचानने वाली तकनीक की मदद से वे आवास, प्रवेश आदि चीजों में सुविधाएं पा सकेंगे। यही नहीं, डिजी-लॉकर की मदद से एथलीट खेलों के पूरा होने के बाद अपने प्रमाण पत्र भी पा सकते हैं।'

एक टीम के तौर पर प्रयास के महत्व पर जोर देते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा, 'आप सभी ने प्रधानमंत्री के 'सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास' के मंत्र के बारे में जरूर सुना होगा। आप देख सकते हैं कि ये गेम्स खेल मंत्रालय, भारतीय खेल प्राधिकरण, उत्तर प्रदेश सरकार का संयुक्त प्रयास हैं, सभी अधिकारियों, सहयोगी स्टॉफ के साथ-साथ आप सभी और आम जनता इसका पूरे उत्साह के साथ समर्थन कर रही है। सबके प्रयास का इससे बढ़िया उदाहरण क्या हो सकता है।'

खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2022 उत्तर प्रदेश (केआईयूजी 2022 यूपी), भारत की सबसे बड़ी मल्टी-स्पोर्ट्स यानी बहु-खेल प्रतियोगिता का तीसरा संस्करण है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 25 मई, 2023 को वर्चुअली जुड़कर लखनऊ में आयोजित 70 मिनट के भव्य उद्घाटन समारोह के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में आधिकारिक रूप से इन खेलों की शुरुआत की घोषणा की थी।

हालांकि ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक (एसवीएसपी) स्टेडियम में 23 मई, 2023 से कबड्डी के ग्रुप स्टेज के मैचों के साथ इन खेलों की प्रतियोगिताएं शुरू हो गईं थीं। इस खेलों का पहला स्वर्ण पदक आज आया, जब क्राइस्ट यूनिवर्सिटी बेंगलुरु के प्रतिभाशाली अनीश गौड़ा ने एसवीएसपी स्टेडियम में तैराकी में 400 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा जीती। (पीआईबी)

*******

एसजी/एमएस/आरपी/एएस----(रिलीज़ आईडी: 1927611)